यमुनोत्री धाम के लिए बनेगा रोपवे

यमुनोत्री धाम के लिए बनेगा रोपवे
Spread the love

सीएम की मौजूदगी में निर्माण हेतु हुआ अनुबंध

तीर्थ चेतना न्यूज

देहरादून। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो तीर्थ यात्रियों के लिए यमुनोत्री धामी यात्रा आसान हो जाएगी। ऐसा संभव होगा खरसाली-यमुनोत्री रोपवे के बनने से।

गुरूवार को पर्यटन विभाग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की मौजूदगी में रोपवे के निर्माण हेतु अनुबंध किया गया। मुख्यमंत्री आवास में पर्यटन विभाग, निजी निर्माण कंपनी एस.आर.एम. इंजीनियरिंग एवं एफआईएल इंडस्ट्री प्रा. लि. के बीच अनुबंध किया गया।

ले. कमान्डर दीपक खण्डूरी (से.नि.) निदेशक अवस्थापना एवं श्री अविरल जैन ने एमओयू हस्ताक्षरित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस इस रोपवे परियोजना के पूर्ण होने के बाद यमुनोत्री धाम अपने शीतकालीन स्थल खरसाली से जुड़ जायेगा।

इस रोपवे परियोजना के बनने के बाद श्रद्धालुओं को यमुनोत्री धाम के दर्शन करने में सुगमता होगी। अभी पैदल मार्ग से यमुनोत्री धाम पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को 2 से 3 घण्टे का समय लग जाता है, रोपवे बन जाने के बाद मात्र 15 से 20 मिनट में श्रद्धालु यमुनोत्री के दर्शन के लिए पहुंच जायेंगे एवं प्रदूषण मुक्त प्राकृतिक सौन्दर्य का लाभ उठा पायेंगे।

इस रोपवे परियोजना के पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं को तो सुविधा मिलेगी ही साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों के रोजगार के संसाधन भी बढ़ेंगे। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि खरसाली से यमुनोत्री धाम तक बनने वाला यह रोपवे मॉ यमुना के ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन धामों को एक साथ जोड़ने एवं उत्तराखण्ड में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं में एक और नये अध्याय का कार्य करेगा। परियोजना का क्रियान्वयन तय सीमा में पूर्ण किये जाने का लक्ष्य रखा गया है।

सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे ने कहा कि जानकीचट्टी (खरसाली) से यमुनोत्री बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा साथ ही श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *