ऋषिकेश के किस भाजपा नेता को मिलेगी लालबत्ती
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। भाजपा नेताओं को सरकार में दायित्व देने की चर्चा के बीच अब भाजपा के गढ़ ऋषिकेश में भी चर्चा शुरू हो गई है कि आखिर किस नेता को सरकार में दायित्व से नवाजा जाएगा।
भाजपा की सरकार और प्रदेश संगठन में ऋषिकेश का कोटा फिलहाल लबालब है। ऋषिकेश के विधायक कैबिनेट मंत्री हैं और दिग्गज नेता महेंद्र भटट पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष। महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष हाल निवासी ऋषिकेश कुसुम कंडवाल महिला आयोग की अध्यक्ष हैं।
इस बीच, पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार में दायित्व देने की तैयारियां चल रही हैं। होली गुजर गई है अब बताया जा रहा है कि गैरसैंण सत्र के बाद दायित्वों को पिटरा खुलेगा। इसमें हो रहे विलंब के चलते अब क्षेत्रवार कयास लगने लगे हैं। ऋषिकेश से किस भाजपा नेता को लालबत्ती से नवाजा जाएगा इसको लेकर चर्चाएं हो रही हैं।
कुछ चेहरों के नाम भी सामने आ रहे हैं। संघ से नजदीकी और सबल संस्तुति होने की बात कही जा रही है। इसमें एक महिला समेत तीन नेताओं के नामों की खूब चर्चा हो रही है। हालांकि भाजपा की 2017-22 की सरकार में जिन नामों की चर्चा और सबल संस्तुति की बात होती थी उन्हें दायित्व नहीं मिल सका।
बहरहाल, इसी प्रकार अन्य क्षेत्रों में भी किसको मिल रही लालबत्ती की खूब चर्चाएं हो रही हैं। दायित्व वितरण में हो रहे विलंब से कुछ नेता अब चर्चा से भी परेशान दिख रहे हैं। इंतजार के फल मिठा के बजाए घलचण्या न हो जाए ऐसा मजाक भी खूब चल रहा है।