देवप्रयाग के चेयरमैन ने दी आमरण अनशन की चेतावनी
बाह बजार झूला पुल को आवाजाही के लिए खोलने की मांग
तीर्थ चेतना न्यूज
देवप्रयाग। बाह बाजार झूला पुल को दो जनवरी तक सामान्य आवाजाही के लिए नहीं खोला गया तो नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्ण कांत कोटियाल जनका को साथ लेकर देवप्रयाग- पौड़ी मार्ग पर चक्का जाम करेंगे। साथ ही आमरण अनशन शुरू करेंगे।
बगैर किसी वैकल्पिक व्यवस्था के प्रशासन द्वारा अलकनंदा नदी पर बने बाह बाजार झूला पुल को प्रशासन ने आवाजाही के लिए दीवार लगाकर बंद कर दिया। तब से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नौ दिसंबर को पालिकाध्यक्ष कृष्ण कांत कोटियाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पौड़ी के जिलाधिकारी से मुलाकात कर उनसे समस्या के निदान का अनुरोध किया था।
तब लोगों ने स्पष्ट किया था कि पुल का न खोले जाने की स्थिति में आंदोलन किया जाएगा। मगर, प्रशासन ने इस पर गौर नहीं किया। बहरहाल, अब नगर पालिका के चेयरमैन कृष्ण कांत कोटियाल ने दो टूक कर दिया है कि दो जनवरी तक पुल को आवाजाही के लिए न खोले जाने की स्थिति में आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
कोटियाल ने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में कहा कि तीन जनवरी को देवप्रयाग-पौड़ी रोड पर चक्का जाम किया जाएगा। चार जनवरी से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। जनता द्वारा उठाए जा रहे इन कदमों के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा।