कैबिनेट मंत्री विवादःभाजपा के प्रति लोगों में बढ़ रही नाराजगी
सरकार और संगठन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा की गई मारपीट के मामले में लोगों में भाजपा के प्रति नाराजगी खासी बढ़ गई है। धामी सरकार और भाजपा संगठन द्वारा इस मामले में साधी गई चुप्पी पर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं।
उत्तराखंड में स्पष्ट बहुमत और छोटी-बड़ी सरकार, पंच प्रधानी सब जगह एक ही दल की मौजूदगी के साइड इफेक्ट दिखने लगे हैं। कम से कम आम लोग अब इसे महसूस करने लगा है। जिम्मेदार लोग कनक-कनक के शिकार हो रहे हैं। परिणाम अब जनता जागने लगी है।
ताजा मामला तीर्थनगरी ऋषिकेश का है। यहां कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा एक युवक के साथ की गई मारपीट से पूरा प्रदेश सन्न है। गैरराजनीतिक और भाजपा के समर्थक भी मंत्री की हरकत से हैरान परेशान हैं। लोगों को लग रहा है कि इस बात का अभी विरोध नहीं हुआ तो कल किसी आम शहरी के साथ भी ऐसा हो सकता है।
हर जगह इस घटना की कड़ी निंदा हो रही है। इस मामले में सरकार और भाजपा के स्तर पर मंत्री के खिलाफ कोई एक्शन न होने से नाराजगी और बढ़ रही है। लोगों का लग रहा था कि सरकार और भाजपा में अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस दिखेगा। मगर, अभी तक इसकी सूरत भी दूर-दूर तक नहीं दिख रही है।
लोगों को लग रहा है कि राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार और भाजपा संगठन इस मामले को भी अन्य मामलों की तरह ठंडा करने की स्ट्रेटजी पर काम कर रहा है। ऐसा लग भी रहा है। विधानसभा नौकरी घोटाले के सामने आने के वक्त भी ऐसा कुछ देखा और महसूस किया गया था।
बहरहाल, इस पूरे प्रकरण में भाजपा के प्रति लोगों में खासी नाराजगी है। ये नाराजगी सोशल मीडिया में दूसरे तरह से प्रस्तुत करने की कुछ लोगों की कोशिशें भी आम जन को नागवार गुजर रही है। पूर्व में भी इस प्रकार की कोशिशें होती रही हैं। इस बार लोग सतर्क हो गए हैं।
ये पूरा मामला तेजी से कई रंग भी ले रहा है। जल्द इसका असर भी दिखेगा। एक्शन में देरी से इसका नुकसान भाजपा के हिस्से आएगा।