खुशखबरी,सिंगटाली मोटर पुल का भू सर्वेक्षण शुरू

काम आया ढांगू विकास समिति का संघर्ष
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। आखिरकार स्वीकृत के 16 सालों के बाद सिंगटाली मोटर पुल के बनने की उम्मीद जगी है। इसके लिए जरूरी भूसर्वेक्षण का काम शुरू हो गया। इससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
स्वीकृति के 16 साल बाद भूसर्वेक्षण के बाद निर्माण में कितना वक्त लगेगा भगवान जाने। पुलों के निर्माण में उत्तराखंड का रिकॉर्ड ठीक नहीं है। बहरहाल, इसके लिए जनप्रतिनिधियों से अधिक प्रयास करने वाली ढांगू विकास समिति का संघर्ष काम करता दिख रहा है। समिति के अध्यक्ष उदय सिंह नेगी संघर्ष में साथ देने वाले तमाम लोगों का आभार प्रकट करते हैं।
दरअसल, प्रस्तावित सिंगटाली मोटर पुल की लोकेशन कुछ धन्ना सेठों को चुभती रही है। उक्त धन्ना सेठों को सफेदपोशों का साथ भी मिलता रहा। परिणाम दो-तीन साल इसकी लोकेशन के नाम पर ही खराब हो गए।
सिंगटाली मोटर पुल बिना उत्तर प्रदेश गए सीधे सिंगटाली व्यासघाट सतपुली सिद्धखाल रिखणीखाल होते हुए रामनगर नैनीताल को जोड़ता है। इस मोटर पुल के बनने से एक पूरी घाटी में विकास का उजियारा फैलेगा। पर्यटन की संभावनाओं का लाभ राज्य को मिलेगा।
समिति के सदस्य विनोद बर्थवाल, वेद प्रकाश मैठाणी, प्रशांत मैठाणी, राजीव बिष्ट हर्ष बर्थवाल आदि ने खुशी प्रकट की और उम्मीद की जल्द ही मोटर पुल का कार्य शुरू होगा।