कहां खो गए परीक्षा पास करने वाले प्रिंसिपल
अटल उत्कृष्ट स्कूलों का मामला
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। अटल उत्कृष्ट इंटर कालेजों का मुखिया बनने की परीक्षा पास करने वाले प्रिंसिपल न जाने कहां खो गए। परीक्षा पास करने वाले अधिकांश प्रिंसिपल अभी सामान्य स्कूलों में ही सेवाएं दे रहे हैं।
2017 की भाजपा सरकार ने अंतिम दो सालों में अटल उत्कृष्ट स्कूलों को लेकर खूब कसरत की। दावा किया गया कि उक्त स्कूल पहाड़ से पलायन रोक देंगे।
189 स्कूल सीबीएसई बोर्ड को सौंपने से पहले शिक्षा विभाग ने अभिचिन्हित स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों हेतु लिखित परीक्षा ली।
परीक्षा परिणाम की मेधा सूची के मुताबिक शिक्षकों की तैनाती हुई।
ऐसा ही प्रिंसिपल पद के लिए भी किया गया। सरकारी सेवा के आखिरी 10-12 साल वाले प्रिंसिपल/हेड मास्टर भी बड़े उत्साह और कुछ करने के जज्बे के साथ परीक्षा में बैठे। परीक्षा का परिणाम भी घोषित किया गया। मेधा सूची में आए प्रिंसिपलों को बधाइयां भी मिली।
इसके बाद लगने लगा कि वास्तव में अटल उत्कृष्ट स्कूल खास होंगे। मगर, ये भ्रम जल्द ही समाप्त हो गया। अटल उत्कृष्ट स्कूलों का मुखिया बनने की परीक्षा पास करने वाले प्रिंसिपल अभी भी सामान्य स्कूलों में ही काम कर रहे हैं।
उन्हें अटल उत्कृष्ट स्कूलों में नहीं भेजा गया। तमाम अटल उत्कृष्ट स्कूलों में सामान्य स्कूलों के प्रिंसिपलों की तबादले कर दिए गए या प्रमोशन से प्रिंसिपल भेज दिए गए। इस तरह से परीक्षा पास करने वाले प्रिंसिपल एक तरह से खो गए हैं।
विभाग उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। हां, 135 और इंटर कालेजों को अटल उत्कृष्ट में तब्दील करने की योजना जल्द परवान चढ़ सकती है।
ऐसा क्यों हुआ और क्यों हो रहा है जानने के लिए स्कूली शिक्षा के सक्षम अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग का पक्ष मिलने पर प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।