श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर के स्नातक स्तर के विभाग होंगे अपग्रेड
श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के स्नातक स्तर के विभागों को अपग्रेड कर पीजी करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए जल्द ही विश्वविद्यालय प्राध्यापकों के पद सृजन हेतु शासन से अनुरोध करेगा।
उल्लेखनीय है कि श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर में छह विभाग स्नातक स्तर के हैं। इसमें कला संकाय में शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, संगीत, संस्कृत और गृहविज्ञान शामिल है। जबकि विज्ञान संकाय में भू-गर्भ विज्ञान शामिल है।
विश्वविद्यालय की प्राथमिकता उक्त विभागां को पीजी में अपग्रेड करना है। इसके लिए शासन से प्राध्यापकों के जरूरी पदो ंके सृजन का अनुरोध किया जा रहा है। दरअसल, विश्वविद्यालय का फोकस 12 बी की शर्तों को पूरा करना है। ताकि विश्वविद्यालय को यूजीसी समेत भारत सरकार की उच्च शिक्षा के लिए अनुमन्य अनुदान मिल सकें।
विश्वविद्यालय के कुलप्रति प्रो. पीपी ध्यानी ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश परिसर के एक-एक विभाग की समीक्षा हो रही है। ताकि विभागों को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से मानव संसाधन समेत अन्य व्यवस्थाएं की जा सकें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि ऋषिकेश परिसर उनकी प्राथमिकता में है। यहां व्यवस्थाएं चाक चौबंद हों इसके लिए हर स्तर पर काम हो रहा है। जल्द बदलाव भी दिखने लगेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 12 बी की शर्तों को पूरा करने पर फोकस किया गया है।