लेखक डा. अरूण कुकसाल को राहुल सांकृत्यायन पर्यटन पुरस्कार

तीर्थ चेतना न्यूज
श्रीनगर। लेखक साहित्यकार डा. अरूण कुकसाल को वर्ष 2020-21 के राहुल सांकृत्यायन पर्यटन पुरस्कार के लिए चुना गया है। ये पुरस्कार उनकी पुस्तक चले साथ पहाड़ के लिए दिया जा रहा है।
पहाड़ को जीने वाले डा. अरूण कुकुसाल के यात्रा वृतांत में पहाड़ जैसी जीवटता और सजीवता होती है। उनकी पुस्तक चले साथ पहाड़ में कई ऐसी यात्राओं का वृतांत है जो पाठक को पढ़ते हुए ही मौके पर होने का अभास करा देती है।
इसी पुस्तक के लिए केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा साल 2020-2021 के लिये प्रसिद्ध ” राहुल सांकृत्यायन पर्यटन पुरस्कार देने की घोषणा की है।
केंद्रीय पर्यटन विभाग ने डा. अरूण कुकसाल को इस आशय की जानकारी पत्र के माध्यम से दी है। डा. कुकसाल को मिल रहे इस सम्मान से उत्तराखंड के लेखक/साहित्यकार, शिक्षाविद और सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले तमाम लोगों ने खुशी व्यक्त की।
वरिष्ठ पत्रकार सीताराम बहुगुणा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वास्तव में डा. अरूण कुकसाल का लेखन आज की पीढ़ी को लिखने और पहाड़ को महसूस करने के लिए प्रेरित करता है।