मुख्यमंत्री ने किया दून मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने किया दून मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल का निरीक्षण
Spread the love

अधिकारियों को दिए स्वच्छता पर खास फोकस करने के निर्देश

तीर्थ चेतना न्यूज

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दून मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को हॉस्पिटल में स्वच्छता पर खास फोकस करने के निर्देश दिए।

मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी अचानक दून मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के औचक निरीक्षण पर पहुंच गए। यहां उनका सामने सबसे पहले हॉस्पिटल परिसर में पसरी गंदगी से हुआ। उन्होंने अधिकारियों के सम्मुख इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सीएम ने मरीजों का हालचाल भी जाना। व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मौजूद संसाधनों, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों की उपलब्धता, एवं खाने-पीने की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों के लिए बन रहे खाने को स्वयं जाकर देखा। उन्होंने कहा मरीजों को मिलने वाले भोजन में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी तरह के पोषक तत्व भोजन में पाए जाए, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने रजिस्ट्रेशन डेस्क में जाकर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधित जांच के लिए अस्पताल आए मरीजों को लंबी लाइन में ना लगाना पड़े इसके लिए रजिस्ट्रेशन डेस्क की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने इमरजेंसी वार्ड में जाकर वहां मौजूद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, से भी वार्ता की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों की उपस्थिति के बारे में भी जानकारी ली। मरीजों के इलाज में इस्तेमाल हो रही विभिन्न आधुनिक मशीनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा अस्पताल में यह व्यवस्था भी सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को बेवजह घूमना ना पड़े। एक ही स्थान पर मरीज अधिक से अधिक लाभ लें।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *