75 सालों में अर्जित लोकतंत्र की हत्या कर रही केंद्र सरकारः शैलेंद्र रावत

तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देश में 75 सालों में अर्जित किए गए लोकतंत्र की हत्या कर रही है। लोक और देश के बेहतरी के लिए बने तंत्र से विपक्ष को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये कहना है पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र सिंह रावत का। कांग्रेस नेता रावत शनिवार को ऋषिकेश प्रेस क्लब में कांग्रेस के कोटद्वार जिला इकाई के प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है कि संसद को सत्ता पक्ष ने नहीं चलने दिया।
देश के आम लोगों की कमाई को लोन के रूप में चट करने वालों पर संसद में चर्चा न हो इसके लिए राहुल गांधी को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक बयान को आधार बनाकर राहुल गांधी की सांसदी को समाप्त करने का तानाबाना बुना गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ भी कहे। देश गांधी परिवार के त्याग और बलिदान को जानता और समझता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जंगे आजादी की पार्टी है। उसके पुरूखों ने देश को आजाद ही नहीं किया बल्कि विकास की पटकथा भी लिखी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता देश, राज्य और क्षेत्र की बेहतरी के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार की करतूतों को जनता के सम्मुख रखेंगे। उन्होंने दावा कि किया 2024 में लोग भाजपा को सबक सीखाएंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड के लोग अच्छे से समझ चुके हैं कि भाजपा को सिर्फ उनके वोट से मतलब है। उनके दुख दर्द और क्षेत्र के विकास से कोई लेना देना नहीं है। पौड़ी के बेटी की अंकिता की हत्या के मामले में भाजपा नेताओं की चुप्पी इस बात का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि अब लोग साफ-साफ कहने लगे हैं राज्य में चप्पे-चप्पे पर छोटे-मोटे कामों में भी कमिशनबाजी चल रही है। जनप्रतिनिधियों पर आरोप लग रहे हैं।
इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, ब्लॉक अध्यक्ष क्रांति कपरूवाण, जिला पंचायत के सदस्य कुलभूषण, आदेश तोमर, बीएस पयाल, महावीर सिंह, मनोज गुसाईंआदि मौजूद थे।