मर्डर से दहली लक्ष्मणझूला की राफ्टिंग-कैंपिंग वैली

ऋषिकेश। व्हाइट वाटर राफ्टिंग के लिए सबसे सुरक्षित क्षेत्र समझे जाने वाले लक्ष्मणझूला क्षेत्र की राफ्टिंग-कैंपिंग वैली में एक कैंप कर्मचारी के मर्डर से दहल उठी। इसको लेकर पूरे क्षेत्र में दहशत है।
कारोबार के बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में अपराध ने भी आकार लेना शुरू कर दिया है। इसकी दस्तक करीब दशक भर से महसूस की जा रही है। अभी तक इसे दुर्घटना और विवाद के रूप में प्रस्तुत किया जाता रहा है। जिम्मेदार व्यवस्था अपराध को स्वीकार भी नहीं करती। मगर, अब हत्या होने लगी है।
शुक्रवार/शनिवार की रात पौड़ी जिले के लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के गडटूगाड़ में दो कैंप कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर हुई मारपीट हत्या तक जा पहुंची। बताया जा रहा है कि एक कैंप के कुछ कर्मचारियों ने मिलकर दूसरे कैंप के एक कर्मचारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
इस हत्या से रोमांच की वैली में दहशत है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। लक्ष्मणझूला के थानाध्यक्ष संतोष कुंवर ने कैंप कर्मचारी की हत्या की पुष्टि की। बताया कि जल्द ही पूरे मामले को खोल दिया जाएगा।