धामी सरकार के चार मंत्री चाहते हैं लोकसभा का टिकट
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार कैबिनेट मंत्री लोकसभा का टिकट चाहते हैं। इसके अलावा पांच विधायक भी इस लाइन में हैं।
आसन्न लोकसभा चुनाव के लिए राज्य की पांच सीटों पर भाजपा की चुनाव संचालन समिति ने केंद्रीय नेतृत्व को 55 दावेदारों के नाम भेजे हैं। इसमें पांच मौजूदा सांसद के नाम भी शामिल हैं। राज्य गठन के बाद पहली बार रिकॉर्ड चार कैबिनेट मंत्री ने लोकसभा के टिकट के दावेदारी की है।
इसमें सतपाल महाराज, डा. धन सिंह रावत ने पौड़ी से, सुबोध उनियाल ने टिहरी और रेखा आर्य ने अल्मोड़ा से टिकट मांगा है। विधानसभा की स्पीकर एवं कोटद्वार की विधायक ऋतु खंडूड़ी भी पौड़ी से टिकट चाहती हैं।
हरिद्वार के विधायक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार से, अरविंद पांडे नैनीताल, फकीर राम अल्मोड़ा और मुन्ना सिंह चौहान टिहरी लोकसभा से टिकट चाहते हैं। इनमें से कौन लोकसभा का चुनाव लड़ेगा इस पर अंतिम निर्णय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को करना है।
हाल ही में हुए मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ी संख्या में सांसदों को विधायकी का चुनाव लड़ाया। अधिकांश जीते भी और अब राज्य की राजनीतिक में रमने लगे हैं।
ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राज्य के दो मंत्री/ विधायकों की लोकसभा चुनाव लड़ने की मुराद पूरी हो सकती है। यदि ऐसा हुआ तो कम से कम दो मौजूदा सांसदों का टिकट कटना तय है। राजनीतिक चर्चाएं और भी हैं।
कहा जा रहा है कि मंत्री/विधायकों को सांसदी का चुनाव लड़ाने पर भाजपा को राज्य में विधानसभा का उपचुनाव भी फेस करना पड़ेगा। बहरहाल, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की दावेदारी दो सीटों पौड़ी और हरिद्वार से है। पूर्व सांसद अनिल बलूनी पौड़ी से टिकट की दावेदारी कर चुके हैं। पूर्व सांसद बलराज पासी भी नैनीताल से टिकट चाह रहे हैं।