गवर्नमेंट पीजी कॉलेज उत्तरकाशी में विवाद का पटाक्षेप
नियंता मंडल का दो टूक ऐलान बाहरी तत्वों का दखल बर्दाश्त नहीं
तीर्थ चेतना न्यूज
उत्तरकाशी। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, उत्तरकाशी एक छात्र संगठन के बैनर तले पहुंचे कुछ छात्र नेताओं और कॉलेज प्रशासन के बीच हुए विवाद का पटाक्षेप हो गया। कॉलेज के नियंता मंडल ने दो टूक ऐलान किया परिसर में बाहरी तत्वों का दखल कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामला दो दिन पूर्व का है। बताया जा रहा है कि एक छात्र संगठन से जुड़े कुछ छात्र कॉलेज में फ्रेशर पार्टी की अनुमति लेने प्रिंसिपल के पास पहुंचे। प्रिंसिपल प्रो. सविता गैरोला ने तय व्यवस्थाओं में मुताबिक अनुमति देने से इनकार कर दिया। इस पर विवाद बढ़ा तो नियंता मंडल से संबंधित शिक्षक/शिक्षिकाएं मौके पर पहुंचे।
नियंता मंडल ने छात्रों के बीच कुछ बाहरी तत्वों की मौजूदगी पर सवाल उठाए तो विवाद शुरू हो गया और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हुई। इस दौरान एक शिक्षिका द्वारा उत्तरकाशी और कॉलेज के इतिहास के बारे में बताने का प्रयास किया तो कुछ छात्र नेताओं ने इसे गलत संदर्भ में प्रचारित कर दिया। परिणाम विवाद और बढ़ गया।
आरोप है कि कुछ छात्रों ने उस कमरे को बंद कर दिया जहां प्रिंसिपल और नियंता मंडल से जुड़े शिक्षक थे। इस दौरान के छात्र नेताओं का जो वीडियो सामने आ रहा है वो चिंताजनक है। इसमें सरकार की धमकी। कहीं भी पटक देने और शिक्षकों पर राजनीति करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
बहरहाल, देर शाम कॉलेज प्रशासन और कॉलेज से संबंधित एक छात्र संगठन के छात्रों के बीच वार्ता के बाद विवाद समाप्त हो गया। कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. सविता गैरोला ने इसकी पुष्टि की। बताया कि छात्रों द्वारा खेद व्यक्त करने के बाद अब किसी तरह का कोई विवाद नहीं है।
इस बीच, कॉलेज के नियंता मंडल ने स्पष्ट किया कि कॉलेज परिसर में बाहरी तत्वों का दखल कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।