आप के बाद अब भाजपा के हुए कर्नल अजय कोठियाल

देहरादून। कर्नल अजय कोठियाल आम आदमी पार्टी को छोड़कर समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। उनको पार्टी में शामिल कराने के लिए प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री स्वयं मौजूद रहे।
सेना से रिटायरमेंट लेने के बाद कर्नल अजय कोठियाल के कई दलों से जुड़ने की चर्चा होती रही है। गत वर्ष दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से प्रभावित होकर कर्नल कोठियाल आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।
आम आदमी पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित भी किया। गंगोत्री से चुनाव मैदान में उतरे कोठियाल अपनी जमानत तक नहीं बचा सकें। इसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी को बाय-बाय करने में भी भलाई समझी।
आप से अलग होने के बाद मंगलवार को कर्नल कोठियाल कुछ समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें पार्टी में शामिल कराने के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।
कोठियाल ने भाजपा को मजबूत करने में योगदान देने की बात कही। कर्नल कोठियाल का उपयोग भाजपा कैसे करती है ये देखने वाली बात होगी।