चुनावी राजनीति का सेमीफाइनल भाजपा के नाम

चुनावी राजनीति का सेमीफाइनल भाजपा के नाम
Spread the love

सुदीप पंचभैया ।

2024 के आम चुनाव से पहले चुनावी राजनीति का सेमीफाइनल बताए जा रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे 60 प्रतिशत से अधिक भाजपा के पक्ष में गए। भाजपा के पक्ष में गए। हिन्दी बेल्ट के तीन प्रमुख राज्यों में भाजपा ने शानदार जीत हासिल की।

चुनावी राजनीति का सेमीफाइनल पूरी तरह से भाजपा के नाम रहा। भाजपा को केंद्र की सत्ता तक के सफर में हिन्दी राज्यों की भूमिका किसी से छीपी नहीं है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार जैसे राज्य शामिल हैं। 2014 और 2019 का आम चुनाव इस बात का प्रमाण है। भाजपा हिन्दी बेल्ट में स्वयं को और मजबूत करने का बराबर प्रयास करती रही है। इसका लाभ भाजपा को मिलता रहा है।

बहरहाल, केंद्र की सत्ता में हैट्रिक जमाने की सोच रही भाजपा की नजर एक-एक राज्य की एक-एक सीट पर है। हिन्दी बेल्ट के राज्यों में भाजपा 2014 और 2019 को दोहराना चाहती है। ऐसा होता हुआ भी दिख रहा है। आम चुनाव से ठीक पहले हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में हिन्दी बेल्ट के तीन राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है।

इस चुनाव में भाजपा ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ कांग्रेस से छीन लिए। 2018 मंे यहां कांग्रेस ने सत्ता हासिल की थी। इस तरह से फिलहाल अब यहां भी भाजपा के लिए 2024 में कोई चुनौती नहीं दिख रही है। मध्य प्रदेश में तमाम विवादों और सीएम चेहरा आगे न करने के बावजूद भाजपा ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस जिस कमल से बहुत अधिक उम्मीद लगा रही थी वो कमाल नहीं दिखा सकें। कांग्रेस का कोई भी मुददा नहीं चला। यहां मोदी मैजिक का बड़ा असर दिखा। यहां कांग्रेस भाजपा के मुकाबले में भी नहीं दिखी। चुनाव पूर्व सर्वे में यहां कांटे की टक्कर बताई जा रही थी। मगर, परिणामों में ऐसा कुछ नहीं दिखा।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जीत पक्की मानी जा रही थी। भूपेश बघेल कांग्रेस के लिए बड़ा चेहरा थे। मगर, बाजी पलट गई। यहां भी कांग्रेस बुरी तरह से चुनाव हारी। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के बड़े-बड़े प्रयास मोदी मैजिक के सामने टिक नहीं सकें। चुनाव के दौरान कांग्रेस में दिख रहा उत्साह चुनाव परिणामों में सिरे से गायब दिखा।

इस तरह से हिन्दी बेल्ट के तीन राज्यों में भाजपा की 2024 की तैयारियों का परीक्षण भी हो गया। इस परीक्षा में भाजपा अच्छे अंकों के साथ सफल रही। कार्यकर्ताओं का उत्साह यहां सातवें आसमान पर है। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव परिणाम के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 2024 के चुनाव के लिए जोश भर दिया।

कहा जा सकता है कि हिन्दी बेल्ट के तीन राज्यों के चुनाव परिणाम का असर अब 2024 के चुनाव में भी दिख सकता है। भाजपा के रणनीतिकार ऐसा मानने लगे हैं। चुनाव की तैयारियों में आगे ये झलकने वाला भी है।

हालांकि तीनों राज्यों में चुनाव परिणाम के बाद भाजपा को तमाम चुनौतियों से भी रूबरू होना पड़ेगा। इसमें तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री की कुर्सी का मामला भी है। दरअसल, भाजपा ने किसी भी राज्य में सीएम फेस प्रस्तुत नहीं किया। अब चुनाव परिणाम के बाद भाजपा के लिए ये टेंशन बन सकता है।

दक्षिण के राज्य में भाजपा के हाथ एक बार फिर से निराशा लगी। तेलंगाना में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की। भाजपा ने 2024 के आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए यहां पैर जमाने का प्रयास किया। मगर, खास हासिल नहीं हुआ। हां, तेलंगाना में भाजपा के वोट प्रतिशत में जरूर बढ़ोत्तरी हुई है। उसकी सीटों की संख्या एक से बढ़कर आठ हो गई है।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *