पुरानी पेंशन बहाली को 10 दिसंबर को सीएम आवास कूच
पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने कसी कमर
तीर्थ चेतना न्यूज
पौड़ी। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 10 दिसंबर को राज्य के सरकारी शिक्षक/कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। इसके लिए तैयारियों जोरों पर हैं।
देश भर के सरकारी शिक्षक/कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। कांग्रेस शासन वाले राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है। भाजपा शासित राज्यों के कर्मचारी पुरानी पेंशन के लिए आंदोलरत हैं।
बहरहाल, उत्तराखंड में पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के बैनर तले 10 दिसंबर को राज्य के शिक्षक/कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मोर्च के स्तर पर व्यापक तैयारियां चल रही हैं।
मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में सरकारी शिक्षक/कर्मचारियों राज्य के विभिन्न हिस्सों से देहरादून में जुटेंगे। मोर्चा की विभिन्न जिला इकाई इसके लिए हर स्तर पर संपर्क कर रहे हैं। शिक्षक कर्मचारियों में इसको लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस मुददे पर अब आम लोगों की सहानुभूति भी अब सरकारी शिक्षक/कर्मचारियों के साथ होने लगी है। इस मुददे पर समाज में भी व्यापक चर्चा होने लगी है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने में सरकारें आनाकानी क्यों कर रही हैं।
पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयदीप रावत का कहना है कि मंडलायुक्त के माध्यम से राज्यपाल और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर ज्ञापन प्रेषित किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षक/कर्मचारी हर हाल में पुरानी पेंशन बहाल चाहता है। उन्होंने कहा कि एनपीएस सेवानिवृत्त जीवन की जरूरी आवश्यक्ताओं की आधारिक पूर्ति करने मेें भी सक्षम नहीं है। ऐसे में सम्मानजनक सेवानिवृत्त जीवन के लिए पेंशन जरूरी है।