मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज

परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की
तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74 वें गणतंत्र दिवस पर शासकीय आवास पर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर मौजूद लोगों को उन्होंने त्रसंविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हम सबको मिलकर योगदान देना होगा। 2025 तक उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। जनभागीदारी एवं जन सहयोग से उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क हादसे में घायल भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की सहायता करने वाले हरियाणा रोडवेज के चालक सुशील कुमार और परिचालक परमजीत नैन एवं अन्य दो युवकों नीशू एवं रजत को सम्मानित किया। हरियाणा रोडवेज के चालक सुशील कुमार की पत्नी एवं परिचालक श्री परमजीत के पिताजी ने सम्मान ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री धामी की घोषणा के अंतर्गत सूचना विभाग की ओर से हरियाणा रोडवेज के दोनों चालक एवं परिचालक तथा दोनों युवकों निशु और रजत को 01-01 लाख रूपये की सम्मान राशि प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह (ब्रह्म कमल की अनुकृति) प्रदान की गई।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।