चकराता। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, चकराता का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हो गया। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले छात्र/छात्राओं को पुरस्कृत किया।
मंगलवार को कॉलेज में आयोजित वार्षिकोत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक प्रीतम सिंह ने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और ऐसे सम्मान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में बी.ए. तृतीय वर्ष से नेहा जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बनीता द्वितीय एवं माही सेन तृतीय स्थान पर रहीं। बी.एससी तृतीय वर्ष में तनिषा तोमर ने प्रथम स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर में प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बी.एससी द्वितीय सेमेस्टर में खुशी वर्मा ने प्रथम तथा रोहन सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त बी.ए. प्रथम सेमेस्टर में लक्ष्मी ने प्रथम तथा रिया पंत ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।