गवर्नमेंट पीजी कॉलेज डाकपत्थर में महिला उत्पीड़न निवारण एवं सशक्तिकरण प्रकोष्ठ

डाकपत्थर। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, डाकपत्थर में महिला उत्पीड़न निवारण एवं सशक्तिकरण प्रकोष्ठ का गठन किया गया। प्रकोष्ठ की पहली बैठक में तीनों संकाय के लिए छात्रा लीडर्स और ग्रुप लीडर का चयन किया गया।
शुक्रवार को कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. जीआर सेमवाल की अध्यक्षता में महिला उत्पीड़न निवारण एवं सशक्तिकरण प्रकोष्ठ का गठन किया गया। डॉ दीप्ति बगवाड़ी को प्रकोष्ठ का संयोजक बनाया गया है। ं डॉ नीलम ध्यानी, डॉ रुचि बहुखंडी, श्रीमती भावना गर्ग, श्रीमती पूजा, श्रीमती बबीता शर्मा को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
डॉ निरंजन प्रजापति प्रकोष्ठ के कानूनी सलाहकार होंगे। प्रकोष्ठ की प्रथम बैठक में आज महाविद्यालय के तीनों संकाय विज्ञान, कला एवं वाणिज्य की छात्राओं का रजिस्ट्रेशन करके छात्रा लीडर्स व ग्रुप लीडर का चयन किया गया, जिसमें कला वर्ग से लक्ष्मी, पायल व हिमानी छात्रा लीडर्स, विज्ञान वर्ग से प्रीति वर्मा, काजल व मनीषा एवं वाणिज्य वर्ग से रवीना, सानिया एवं सलोनी चुने गए।
इन समस्त छात्रा लीडर्स के नेतृत्व हेतु ग्रुप लीडर मुस्कान का चयन किया गया। आज की बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ के अधिकार व कर्तव्य के बारे में अवगत कराना था। जिसके माध्यम से समस्त छात्राओं को कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न व निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष अधिनियम (2013) के बारे में अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त महिला प्रकोष्ठ में प्रत्येक महीने बैठक करना, छात्राओं से फीडबैक लेना, छात्राओं की काउंसलिंग हेतु विशेषज्ञों जैसे मनोचिकित्सक, महिला रोग विशेषज्ञ, पुलिस अधिकारी, कानूनी सलाहकार आदि को आमंत्रित करके छात्राओं को सहयोग व परामर्श प्रदान किया जाना, साथ ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सम्मान कार्यक्रम किया जाना सुनिश्चित किया गया।
बैठक में प्रिंसिपल प्रो. जीआर सेमवाल ने छात्राओं को सशक्त होना, स्वाबलंबी होना, अपने सम्मान को बनाए रखना एवं महाविद्यालय में अपने योगदान को सुनिश्चित करने का स्पष्ट संदेश दिया।