कोटद्वार। गवर्नमेंटी पीजी कॉलेज में आत्म निर्भर भारत अभियान के तहत लोकल से वोकल अभियान के लिए ऑनलाइन प्रतिज्ञा अभियान शुरू किया गया है।
अभियान का शुभारंभ कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. जानकी पंवार ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश को आत्म निर्भर बनाने के लिए लोकल स्तर पर काम करना होगा। लोकल उत्पादों को प्रोत्साहित करना होगा। इसके लिए लोकल से वोकल ऑनलाइन प्रतिज्ञा अभियान चलाया गया।
कहा कि हम सभी को प्रतिज्ञा लेनी है कि हम सभी लोकल उत्पादों को बढ़ावा देंगें। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. जानकी पंवार और एनसीसी प्रभारी डॉ. तनु मित्तल ने जागरूकता अभियान के द्वारा एक वेबीनार का आयोजन किया।
वेबीनार के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स को आत्मनिर्भर भारत और लोकल पर वोकल की प्रतिज्ञा के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही साथ अपने सभी कैडेट्स को लोकल से वोकल की ऑनलाइन प्रतिज्ञा के लिए अपने आसपास के सभी लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. तनु मित्तल ने बताया कि महाविद्यालय में सर्वप्रथम प्राचार्या प्रो. जानकी पंवार ने स्वयं ऑनलाइन प्रतिज्ञा लेकर सभी को जागरूक किया और महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शिक्षणेतर कर्मचारियों, एवं छात्र/ छात्राओं को ऑनलाइन प्रतिज्ञा हेतु आवाहन किया।
डॉ. तनु मित्तल ने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत अभी तक महाविद्यालय के 3100 लोगो ने ऑनलाइन प्रतिज्ञा लेकर ई प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया है जो महाविद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। साथ ही इस जागरूकता अभियान को 15 अगस्त तक चलाया जाएगा।
इस अवसर पर कैडेट मयंक नेगी, सौरव रावत, प्रियंका, प्रवेश चौहान, अंजलि नेगी, अतुल खंतवाल और महाविद्यालय के सभी कैडेट्स मौजूद रहे।