उत्तरकाशी। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, उत्तरकाशी में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के बारे में छात्र/छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि कैसे इस योजना में छात्र/छात्राएं एनरॉल्ड हो सकते हैं।
मंगलवार को गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, उत्तरकाशी के प्रिंसिपल प्रो. पंकज पंत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पीएम इंटर्नशिप योजना पर मार्गदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र/छात्राओं को योजना से जुड़ी जानकारी दी गई।
प्राध्यापक कैलाश सिंह रावत ने बताया ििक प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना तथा उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव प्रदान करना है।
इस योजना के अंतर्गत देश की शीर्ष कंपनियों एवं सरकारी संस्थानों में इंटर्नशिप का अवसर दिया जाता है। इस योजना के अंतर्गत इंटर्नशिप करने वाले युवाओं को प्रतिमाह लगभग ₹5,000 तक का स्टाइपेंड एवं अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाती है, जिससे वे अपने प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक रूप से भी समर्थ रह सकें।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी समझाया गया। बताया गया कि इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी प्रोफाइल बनाकर विभिन्न कंपनियों में इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं।