गवर्नमेंट पीजी कॉलेज उत्तरकाशी के जंतु विज्ञान विभाग का अभिनव प्रयोग

गवर्नमेंट पीजी कॉलेज उत्तरकाशी के जंतु विज्ञान विभाग का अभिनव प्रयोग

बुग्यालों से प्लास्टिक कचरा हटाने को शुरू किया अभियान

तीर्थ चेतना न्यूज

उत्तरकाशी। स्वच्छता अभियान के हो हल्ले के बीच गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, उत्तरकाशी के जंतु विज्ञान विभाग के छात्रों ने बुग्यालों से प्लास्टिक कचरा हटाने का अभियान शुरू किया है।

छात्रों के इस अभियान की प्रेरणा स्रोत हैं कॉलेज की जंतु विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. मधु थपलियाल। विभागीय परिषद् के दौरान छात्रों को प्लास्टिक के समस्या से निदान हेतु प्रेरित किया था। पर्यावरणविद प्रो. मधु थपलियाल तेजी से छीजती आदर्श पर्यावरणीय परिस्थितियों को अच्छे से जानती और महसूस करती हैं।

आस-पास के पर्यावरणीय परिस्थितियों से अक्सर वो अपने छात्र/छात्राओं को अवगत कराती रही हैं। साथ ही संरक्षण के लिए प्रेरित करती है। इसी का परिणाम रहा कि जंतु विज्ञान के छात्र अमनदीप असवाल, आदित्य राणा, अभ्युदय पैन्यूली, गौरव पंवार ,दिगंबर जगूड़ी व आशुतोष शरण ने बुग्यालों से प्लास्टिक का कचरा हटाने का अभियान शुरू किया।

जब ये छात्र हाल हे में 4000 मीटर की ऊंचाई से बुग्यालों (दारवा टॉप) में फैले प्लास्टिक का कचरा साफ़ कर लाये तो प्रो० मधु थपलियाल ने छात्रों को उनके सराहनीय कार्य के लिए उनकी सराहना की।

प्रो० मधु थपलियाल ने  उत्तरकाशी ही नहीं अपितु पिछले 10 सालों से सेव नेचर सेव लाइफ की मुहिम के तहत देहरादून में अति पॉश इलाके में एक-सौ वर्ष पुराने गौरा देवी तालाब को बचाने में सफलता प्राप्त की थी। जिससे  जनता उनसे जुडी और एमडीडीए और मीडिया का साथ उन्हें मिला और वह तालाब अतिक्रमण और अधिग्रहण से बच गया।

डा. थपलियाल ने कहा कि यदि आम जन अपनी जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वाह करता है तो क्लाईमेट चेंज जैसी चुनौतियों का सामना कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आज मनुष्य ऐसी ऐसी ऊंचाइयों पर पहुंच गया है कि हम कल्पना भी नहीं कर सकते। वहां भी प्लास्टिक पहुंचा रहा है। इसके लिए हम मनुष्यों के अलावा और कोई दूसरा दोषी नहीं है।

प्रो० थपलियाल ने बताया कि इन छात्र- छात्राओं को हिम तेंदुए और मोनाल जैसे पशु पक्षियों के पद चिन्ह वहां पर मिले हैं। यह दुख की बात है कि अपना आवास तो हमने आज बर्बाद किया ही किंतु आज हम जानवरों की आवास को भी बर्बाद करने पर तुले हैं।

उन्होंने कहा, मनुष्य इतना लालची हो चुका है कि वह धन की अंधी दौड़ में यह भूल रहा है कि हम प्रकृति से हैं, प्रकृति हमसे नहीं है। छात्रों के इस अभियान दल को कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. सविता गैरोला ने इस कार्य के लिए छात्रों और विभागाध्यक्ष प्रो. मधु थपलियाल को बधाई दी। कहा कि इस काम से छात्रों और प्रो. थपलियाल ने कॉलेज का नाम रोशन किया है।

Tirth Chetna

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *