जम्मू में आतंकी हमले में उत्तराखंड के पांच जवानों की शहादत

जम्मू में आतंकी हमले में उत्तराखंड के पांच जवानों की शहादत
Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

तीर्थ चेतना न्यूज

देहरादून। देश की रक्षा करते हुए उत्तराखंड के पांच वीर सैनिकों के शहादत से पूरा प्रदेश गमगीन है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर गहरा शोक व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि जम्मू के कठुआ में हुए आतंकवादी हमले में उत्तराखण्ड के पांच जवानों के शहीद हुए। इसमें रुद्रप्रयाग जिले के सूबेदार आनंद सिंह रावत, पौड़ी जिले के हवलदार कमल सिंह, टिहरी जिले के नायक विनोद सिंह, पौड़ी के राइफलमैन अनुज नेगी, जनपद टिहरी गढ़वाल निवासी आदर्श नेगी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से शहीदों की आत्मा की शांति व शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहने की शक्ति प्रदान की कामना की है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे रणबाँकुरों ने उत्तराखण्ड की समृद्ध सैन्य परंपरा का पालन करते हुए माँ भारती के चरणों में अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। माँ भारती की रक्षा करते हुए आतंकवाद के विरुद्ध शहीदों का यह सर्वाेच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

इस कायरतापूर्ण हमले के दोषी, मानवता के दुश्मन आतंकवादी किसी भी क़ीमत पर बख्शे नहीं जाएँगे और इनको पनाह देने वाले लोगों को भी इसके परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि सैन्यभूमि उत्तराखण्ड वीर सैनिकों को जन्म देने वाली भूमि है। यहां के जवानों ने सदैव माँ भारती की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देकर अपने राष्ट्रधर्म का निर्वहन किया है।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *