सात मोड़ पर पेड़ न कटने देने का लिया संकल्प, बांधे रक्षा सूत्र

तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर भानियावाला-ऋषिकेश के बीच तीन हजार पेड़ काटने की तैयारी के बीच दून सिटीजन फोरम समेत कई संगठन इसके विरोध मंे उतर आए हैं। लोगों ने सात मोड़ के पास पेड़न कटने देने का संकल्प लिया और पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधे।
उल्लेखनीय है कि भानियावाला-ऋषिकेश के बीच फोर लेन सड़क के निर्माण हेतु तीन हजार से अधिक पेड़ काटे जाने है। इसके छपान का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इस बीच, हाईकोर्ट पेड़ों के कटाने पर रोक लगा दी है।
रविवार को दून सिटीजन फोरम के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने सात मोड़ पहंुचकर संकल्प लिया कि विकास के नाम पर पेड़ों ने नहीं कटने दिया जाएगा। इसके लिए मौके पर संकल्प लिया गया। महिलाओं ने गौरा देवी की तर्ज पर पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधे।
इस मौके पर पदश्री कल्याण सिंह रावत ने कहा कि ये बड़ी दुख की बात है कि विकास के नाम पर पेड़ काटे जाते हैं। विरोध होने पर कहा जाता है कि इसके बदले पौधा रोपण किया गया है। मगर, कोई नहीं बताता कि रोपे गए पौधों की स्थिति क्या है।
उन्होंने कहा कि पेड़ रहेंगे तो जीवन रहेगा, इस बात को समझना होगा। पदमश्री माधुरी बड़थ्वाल ने कहा कि विकास के नाम पर बार-बार पेड़ों को काटना ठीक नहीं है। इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। अनूप नौटियाल ने बताया कि पेड़ों को बचाने के लिए सबको आगे आना चाहिए। इस मौके पर प्रो. जीएस रजवार, इंद्रेश मैखुरी कमला देवी, मालती, आदि मौजूद रहे।