ढालवाला में पहली ही बरसात में ढह गया तटबंध
कांग्रेस ने इसे भ्रष्टाचार का मामला बताया
तीर्थ चेतना न्यूज
ढालवाला। क्षेत्र को बरसाती पानी से सुरक्षा देने के उददेश्य से बनाया गया तटबंध पहली की बारिश में ढहने लगा है। कांग्रेस ने इसे भ्रष्टाचार का मामला बताया।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष अपर ढालवाला में बरसाती पानी ने खासा नुकसान पहुंचाया था। लोगों के घरों में पानी का घुस आया था। इस वर्ष ऐसी समस्या न आए इसके लिए करीब चार करोड़ का तटबंध बनाया गया।
निर्माणाधीन तटबंध सुरक्षा करने के बजाए पहली की बारिश में कई स्थानों पर ढहने लगा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने इसे भ्रष्टाचार का मामला बताया। कहा कि तटबंध के निर्माण के समय गुणवत्ता के साथ हो रहे समझौते के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई थी।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया था। मगर, कोई सुनवाई नहीं हुई। अब पहली ही बारिश में हकीकत सामने आ गई। अब सिंचाई विभाग के अधिकारी लीपापोती करने में जुट गए हैं।
असवाल ने बताया कि ये पूरी तरह से भ्रष्टाचार का मामला है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। ताकि सुरक्षा से संबंधित निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समझौता करने वाले अधिकारी और ठेकेदार बेनकाब हो सकें।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कमल सिंह का कहना है कि निर्माणाधीन तटबंध कुछ स्थानों पर धंसा है। कहीं मिटटी इधर-उधर हुई है। ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने संबंधित कार्य को ठीक करना भी शुरू कर दिया है।