खुशखबरीः बजरंग सेतु का 75 प्रतिशत काम पूरा, जल्द होगी आवाजारी शुरू

खुशखबरीः बजरंग सेतु का 75 प्रतिशत काम पूरा, जल्द होगी आवाजारी शुरू
Spread the love

तीर्थ चेतना न्यूज

मुनिकीरेती। गंगा नदी पर विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मणझूला पुल से सटकर बनाया जा रहा बजरंग सेतु का 75 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो गया है। अब जल्द ही सेतु पर आवाजाही शुरू होगी।

टिहरी जिले की नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्रांतर्गत मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में 132.30 मीटर स्पान के बजरंग सेतु का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 6886.20 लाख की लागत से बना रहे इस पुल का 75 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो गया है।

1929 में निर्मित विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला सेतु के समीप बजरंग सेतु बनाया जा रहा है। इस झूला पुल की चौड़ाई 8.00 मी. है। पुल पर पैदल आवाजाही के साथ ही हल्के वाहन भी जा सकेंगे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के मार्गदर्शन में निर्माणाधीन बजरंग सेतु के संबंध में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग मनोज बिष्ट ने बताया कि बजरंग सेतु गंगा नदी के ऊपर निर्मित किया जा रहा है, जो टिहरी जनपद के तपोवन क्षेत्र को पौड़ी जनपद के स्वर्गाश्रम क्षेत्र से जोड़ेगा। बजरंग सेतु का 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में सेतु के ईरेक्शन में 53 सेगमेन्ट के सापेक्ष 46 सेगमेन्ट लगाये जा चुके है।

अवशेष कार्य प्रगति में हैं। 21 अप्रैल तक डैक का कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा तथा जून तक संपूर्ण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्मणझूला सेतु देश विदेश में विख्यात पर्यटन स्थल के रुप में जाना जाता है। ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन एवं स्वर्गाश्रम का यह क्षेत्र योग नगरी के रुप में विश्व विख्यात है।

गंगा नदी के तट पर स्थित होने के कारण यह क्षेत्र न केवल पर्यटन बल्कि धार्मिक दृष्टि से बहुत प्रसिद्ध है। नये वैकल्पिक सेतु के निर्माण से श्रद्वालुओं/पर्यटकों एवं स्थानीय जनमानस को आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। सेतु निर्माण से पर्यटन को अत्यधिक बढ़ावा मिलेगा एवं स्थानीय नागरिक, व्यापारियों के रोजगार / व्यवसाय में भी वृद्धि होगी।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *