केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में फूंका चुनाव का बिगुल
तीसरी बार भाजपा को सौंपे राज्य की सत्ता
तीर्थ चेतना न्यूज
हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह ने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने लोगों से राज्य में भाजपा की तीसरी बार सत्ता सौंपने का आहवान किया।
शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में थे। यहां बैरागी कैंप में आयोजित जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल कार्यक्रम में उपस्थित विशाल सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा शासन की नौ साल की उपलब्धियों को जनता के सम्मुख रखा। कहा कि भाजपा का शासन विकास की गारंटी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उत्तराखंड में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनाएं।
इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड राज्य के लिए चले आंदोलन, राज्य निर्माण और राज्य के विकास को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भाजपा की केंद्र सरकार ने बनाया और अब इसे संवार रही है। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के बीच रखा। इसमें परीक्षा में पारदर्शिता और नकल विरोधी कानून को प्रमुख रूप से रखा गया। कहा कि इससे आम लोगांे को राहत मिली। कहा कि कांग्रेस के शासन में बगैर पर्ची और खर्चें के कुछ नहीं हो पाता था।
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने 2027 में हरिद्वार में होने वाले कुंभ का जिक्र किया। कहा कि कुंभ भीड़ के सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा। उन्होंने उत्तराखंड की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार के स्तर से हो रहे कार्यों को भी लोगों के बीच रखा। साथ ही केंद्र सरकार के स्तर से दी जा रही आर्थिक मदद के बारे में बताया।उन्होंने सरकारी भूमि पर हुए कब्जों को खाली कराने और यूसीसी के लिए धामी सरकारी की सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मौके पर सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। राज्य की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार के स्तर से मिल रही मदद के लिए आभार प्रकट किया। कुंभ के लिए 500 करोड़ की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार प्रकट किया।
इस मौके पर हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व सीएम डा. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, सांसद विजय राज्य लक्ष्मी शाह, अनिल बलूनी, अजय भटट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, डा. धन सिंह रावत, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य आदि मौजूद रहे।
