चौथी पुण्यतिथि याद किए गए देश के प्रथम सीडीएस स्व. बिपिन रावत
तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। राजधानी समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉक स्व. बिपिन रावत को उनकी चौथी पुण्यतिथि पर याद किया गया।
सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के कनक चौक स्थित पार्क में भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्व. जनरल बिपिन रावत की चतुर्थ पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने जनरल रावत के अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वाेच्च समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें उत्तराखंड एवं देश का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत का जीवन देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणादायक मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सैनिकों एवं नागरिकों के साथ दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शहीदों के सम्मान में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास और सविता कपूर भी मौजूद थे।
पौड़ी में बिपिन रावत पार्क में प्रथम सीडीएस को चौथी पुण्यतिथि पर श्रृद्धांजलि दी गई। जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया समेत आलाधिकारियों ने श्रृद्धांजलि दी। इस मौके पर उनके योगदान को याद किया गया।
