राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में छाए श्री दर्शन महाविद्यालय मुनिकीरेती के छात्र

राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में छाए श्री दर्शन महाविद्यालय मुनिकीरेती के छात्र

तीर्थ चेतना न्यूज

मुनिकीरेती। राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में टिहरी जिले का प्रतिनिधत्व करते हुए श्री दर्शन महाविद्यालय के छात्रों ने आठ प्रतिस्पर्द्धाओं में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

उत्तराखंड संस्कृत अकादमी द्वारा खंड, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित संस्कृत प्रतियोगिता में श्री दर्शन महाविद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम के मार्गदर्शक आचार्य आशीष जुयाल के निर्देशन में महाविद्यालय के छात्र पहले खंड स्तर पर 10 प्रतियोगिताओं में चयनित हुए। इसके बाद जनपद स्तर पर आठ प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर टिहरी जनपद को राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व का गौरव दिलाया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी छात्रों ने अपने उम्दा प्रदर्शन से पूरे उत्तराखंड में सर्वाधिक प्रतियोगिताओं में स्थान अर्जित कर टिहरी जनपद का नाम पूरे प्रदेश में गौरवपूर्वक अंकित करवाया।

कनिष्ठ वर्ग में आशुभाषण में अक्षित बहुगुणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्कृत नाटक द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टीम ने केशव पुरोहित, देवेश मटियाल, रितेश अमोली, नवल किशोर, यश वर्धन भारद्वाज, अजीत बडोनी, अंशुल डबराल शामिल रहे। वाद-विवाद में सिद्धांत गौनियाल और अभिनव मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वरिष्ठ वर्ग आशुभाषण में वंश भट्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद में यश शंकर और अनुज पोखरियाल तृतीय स्थान पर रहे। संस्कृत नाटक में टीम को तृतीय स्थान मिला। टीम में अंशुल पांडेय, वंश भट्ट, आयुष सिलस्वाल, केशव गैरोला, अनुज पोखरियाल, आदित्य राज पाण्डेय शामिल रहे।

महाविद्यालय के छात्रों की इस उपलब्धि पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रबंधक संजय शास्त्री, अध्यक्ष वंशीधर पोखरियाल तथा प्रधानाचार्य सत्येश्वर प्रसाद डिमरी ने सभी विजेता छात्रों एवं दल-शिक्षक आचार्य आशीष जुयाल को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में डॉ. सुशील नौटियाल, डॉ. शांति प्रसाद मैठानी, डॉ. हर्षानंद उनियाल, अनूप सिंह रावत, संदीप कुकरेती, सीमा, कमल डिमरी, गोपी सिलस्वाल सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।महाविद्यालय प्रबंधन ने इन उपलब्धियों को छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन की सामूहिक विजय बताया तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *