पौड़ी के पूर्व मुख्य शिक्षा अधिकारी और शिक्षाधिकारी पर होगा मुकदमा दर्ज

अशासकीय स्कूलों में नियुक्ति से संबंधित है मामला
तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। पौड़ी के पूर्व मुख्य शिक्षा अधिकारी, पूर्व जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक और एक बाबू के खिलाफ जल्द मुकदमा दर्ज होगा। शासन ने पुलिस को इस संबंध में निर्देशित किया है।
मामला जिले के अशासकीय स्कूलों में नियुक्ति से संबंधित है। तब से वीडियो भी वायरल हुआ था। हो हल्ला होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसकी जांच कराई थी। हालांकि शासन स्तर पर ही जांच न जाने किन वजहों से पेंडिंग हो गई थी। अब जांच रिपोर्ट सामने आई है।
स्कूली शिक्षा के सचिव रविनाथ रामन ने आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था को इस संबंध में पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने पौड़ी के पूर्व मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत, डीईओ माध्यमिक हरेराम यादव और अशासकीय विद्यालयों के पटल सहायक दिनेश गैरोला के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने करने का कहा गया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरेराम यादव रिटायर हो चुके हैं। मदन सिंह रावत एससीईआरटी में तैनात हैं। माना जा रहा है कि इसमें गिरफतारी संभव है।
अशासकीय स्कूलों में नियुक्ति से संबंधित इस मामले में एक्शन होने के बाद और मामले भी खुल सकते हैं। 2012-16 के बीच पौड़ी जिले में अशासकीय स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती मामले की खूब चर्चा हुई थी।