तीर्थनगरी ऋषिकेश में कांवड़िए अब कानून की धज्जियां उड़ाने पर उतर आए हैं। पुलिस है कि इसे नजरंदाज करने में ही भलाई समझ रही है।
ऋषिकेश और मुनिकीरेती पुलिस की लापरवाही से कांवड़िए अब कालोनियों में घुसने लगे हैं। एक साथ सैकड़ों बाइकों से हो हल्ला करते हुए कांवड़िए लोगों में दहशत फैला रहे हैं। बेतरतीब तरीके से बाइकों पर दौड़ते कांवड़ियों की वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
यही नहीं कांवड़िए सड़कों पर गुजरती महिलाओं पर द्विअर्थी टिप्पणी कर रहे हैं। पुलिस है कि सोती हुई दिख रही है। ढालवाला से आनंद बिहार, राजीवग्राम, 14 बीघा के रास्तों पर कांवड़ियों को बढ़ते पुलिस रोकने तक का प्रयास नहीं कर रही है। परिणाम यहां की गलियों में कांवड़ियों की दहशत देखी जा सकती है।
कुछ नाकों पर पुलिस स्थानीय लोगों पर रौब दिखाते जरूर दिख रही है। बुधवार को दोपहर के समय करीब दो घंटे ढालवाला में कांवड़ियों की हरकतों से लोग परेशान रहे। इस दौरान पुलिस का कहीं अता पता नहीं था। पुलिस का ध्यान सिर्फ इस बात पर है कि कैसे दो दिन काटे जाएं। इसके लिए पुलिस कांवड़ियां को कानून की धज्जियां उड़ाते हुए भी देख कर आंखें फेर रहे हैं।
अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कांवड़िए जहां चाहे वहां घुस रहे हैं। जहां पर मर्जी वहां पर हुड़दंग मचा रहे हैं। कांवड़ यात्रा की तैयारी बैठकों में बड़े-बड़े दावे करने वाले पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अव्यवस्थाओं पर चुप्पी साधे हुए हैं।