ऋषिकेश के सब रजिस्ट्रार निलंबित

ऋषिकेश के सब रजिस्ट्रार निलंबित

डीएम के औचक निरीक्षण में मिली थी अनियमितताएं


तीर्थ चेतना न्यूज

ऋषिकेश। कार्यालय और कार्यों में अनियमितताओं के मामले में सब रजिस्ट्रार (स्टाम्प एवं निबंधन विभाग) को निलंबित कर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि गत दिनों जिलाधिकारी सविन बंसल ने तहसील परिसर स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में स्टाम्प चोरी, फर्जी कार्मिक व अनाधिकृत रूप से लिपिक से कराई जा रही विलेख पंजीकरण कार्यवाही; कार्यालय में वर्षों से लम्बित आमजन के मूल अभिलेख आदि पाए गए।

करोड़ो की स्टाम्प चोरी, औद्योगिक क्षेत्रों में आवासीय दरों पर भूखंड के छोटे टुकड़े कर कई रजिस्ट्रीयां बरामद हुई थी। निरीक्षण के दौरान उपस्थित फरियादियों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि मूल अभिलेख लौटाने; रजिस्ट्री की नकल देने में आमजन को कर रहे परेशान किया जा रहा है। कार्यालय में कई महीनों से मूल अभिलेख आवेदकों को वापिस नही किए गए तथा ना ही मुख्यालय को सूचना प्रेषित की गई।

बहरहाल, उप जिलाधिकारी, ऋषिकेश एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (रा०) देहरादून की उपस्थिति में औचक निरीक्षण किया, जिसके परिणामस्वरूप उप जिलाधिकारी, ऋषिकेश एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (रा०) की संयुक्त जॉच आख्या के आधार सब रजिस्ट्रार हरीश कुमारा के बिना किसी सूचना के अनुपस्थिति, संदर्भगत कार्यालय में तत्समय तैनात निबंधक लिपिक द्वारा पंजीकरण की कार्यवाही सम्पादित करना पाया गया।

निरीक्षण दौरान पाई गई कमियों पर जिला प्रशासन द्वारा उप निबन्धक के निलम्बन एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही की संस्तुति शासन को प्रेषित की गई थी। जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर शासन द्वारा उप निबन्धक को निलिम्बित करते हुए मुख्यालय से सम्बद्ध करते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। जिला प्रशासन के इस एक्शन को राजस्व हितों से खिलवाड़, भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत देखा जा रहा है तथा भविष्य में भी इस तरह के एक्शन देखने को मिल सकते हैं।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *