शिक्षकों के तबादलों में हुई अनियमितताओं की हो जांच
राजकीय शिक्षक संघ ने निदेशक को भेजा ज्ञापन
तीर्थ चेतना न्यूज
पौड़ी। राजकीय शिक्षक संघ के स्कूली शिक्षा की निदेशक को ज्ञापन भेजकर शिक्षकों के तबादलों में हुई अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में संघ ने अनियमितताओं से संबंधित तमाम बिंदुओं का उल्लेख किया है।
गुरूवार को राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान और महामंत्री रमेश चंद्र पैन्यूली के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन स्कूली शिक्षा की निदेशक को प्रेषित किया गया। ज्ञापन में कहा कि विभागीय अधिकारी स्थानांतरण से संबंधित प्रत्यावेदनों का जल्द निस्तारण हो जाएगा। मगर, अभी तक निस्तारण नहीं हुआ।
संघ ने ज्ञापन में कहा कि निस्तारण में दोहरी व्यवस्था अपनाई गई है। गंभीर बीमारी में कुछ शिक्षकों को छूट दे दी गई तथा कुछ शिक्षकों का स्थानांतरण कर दिया गया। फलित पद के नाम पर कुछ शिक्षको को लाभ दिया गया। कुछ का गुणांक अधिक होने पर भी स्थानांतरण नहीं किया गया।
दुर्गम से सुगम के नाम पर बहुत से शिक्षक/शिक्षिकाओं का मंडल परिवर्तन किया गया जो कि न्याय संगत नहीं है। ज्ञापन में निवेदन किया गया है कि इस पर गौर न होने की स्थिति में संगठन कठोेर निर्णय लेने के लिए मजबूर होगा।


