उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी से फिल्म के नाम पर करोड़ों की ठगी

तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी से फिल्म निर्माण के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक की अभिनेत्री/ फिल्म निर्माता बेटी आरूषि निशंक से चार करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि मुंबई निवासी फिल्म प्रोडयूसर मानसी वरूण बागला और वरूण प्रमोद कुमार बागला ने आरूषि से एक फिल्म निर्माण को लेकर चर्चा की। साथ ही फिल्म में उन्हें लीड रोल ऑफर किया।
कुछ दिन बाद उनसे फिल्म में पांच करोड़ इन्वेस्ट करने को कहा। इसमें मोटा मुनाफे का लालच दिया गया। यही नहीं कहा गया कि फिल्म की पटकथा से वो संतुष्ट न होने की स्थिति में रकम 15 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटा दी जाएगी। इसके लिए हिमश्री फिल्म और मिनी फिल्म के बीच बकायदा लिखिल समझौता भी हुआ।
इस शर्त पर आरूषि ने फिल्म प्रोडयूसरों को अक्तूबर 2024 में दो करोड़ रूपये दिए। कुछ दिन बाद विभिन्न बहाने बनाकर दोनों ने अलग-अलग तिथि पर दो करोड़ रूपये और लिए। इस मामले में पुलिस ने मानसी वरूण बागला और वरूण प्रमोद कुमार बागला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।