ऋषिकेश नगर निगमः कांग्रेस और भाजपा की नजर मेयर पद पर
एक-एक क्षेत्र में दोनों दलों ने बनाई खास रणनीति
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। नगर निगम में मेयर पद पर जीत के लिए कांग्रेस और भाजपा ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। नगर एक-एक क्षेत्र में दोनों दलों ने खास रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
नामांकन के बाद से कांग्रेस और भाजपा ने जीत के लिए अपने-अपने हिसाब से जोर लगान शुरू कर दिया है। इसके लिए दावे, राजनीतिक आरोप- प्रत्यारोप की स्ट्रेटजी भी खूब तैयार हो रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से काफी कुछ चलने भी लगा हैं।
कांग्रेस ने मेयर पद पर युवा नेता दीपक जाटव को चुनाव मैदान में उतारा है और भाजपा ने शंभू पासवान पर दांव खेला है। दीपक जाटव कांग्रेस के परंपरागत वोटों के साथ उन सभी क्षेत्रों पर फोकस कर रहे हैं। कांग्रेस संगठन के स्तर से एक-एक क्षेत्र के लिए खास रणनीति बनाई जा रही है।
पार्टी कार्यकर्ता नगर की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जनता के बीच पहुंचने लगे हैं। राज्य में कांग्रेस शासन के दौरान तीर्थनगरी ऋषिकेश के विकास के लिए हुए प्रयासों को खास तौर पर जनता के सम्मुख रेखांकित किया जा रहा है।
भाजपा प्रत्याशी शंभू पासवान भी पार्टी कैडर और केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से हो रहे विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच हैं। भाजपा संगठन की ताकत भी उनके पास है। संगठन ने निकाय चुनाव के लिए खास रणनीति बनानी शुरू कर दी है। भाजपा कार्यकर्ता एक-एक वार्ड में पार्षद प्रत्याशियों के साथ-साथ मेयर पद के लिए जनता से समर्थन मांग रहे हैं।