प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
Spread the love

राज्य के विकास और शीतकालीन यात्रा पर हुई चर्चा

तीर्थ चेतना न्यूज

देहरादून। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य मंत्रियों से मुलाकात के बाद लौटे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुलाकात के बारे में जानकारी साझा की।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी मुलाकात के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस भेंट में राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा हुई और प्रधानमंत्री का बहुमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने राज्य में खेलों के आयोजन के लिए चल रही तैयारियों और इससे युवाओं को मिलने वाले लाभों के बारे में भी चर्चा की। इसके साथ ही, उन्होंने राज्य में पर्यटन, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया और उनके लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को शीतकालीन यात्रा के महत्व और इसे लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस बार शीतकालीन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, जिससे राज्य के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को शीतकालीन प्रवास के लिए भी आमंत्रित किया। इस पर प्रधानमंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की और सहमति जताई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने राज्य की योजनाओं और शीतकालीन यात्रा को लेकर उत्साह दिखाया और आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राज्य के विकास में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात राज्य की उन्नति और योजनाओं को गति देने में सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और सहयोग राज्य के लिए प्रेरणादायक है और इससे उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री  मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तैयारियों के बारे में जानकारियां साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के 38वें संस्करण की मेजबानी का सौभाग्य उत्तराखण्ड को प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय खेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 28 जनवरी से 14 फरवरी, 2025 तक चलने वाले राष्ट्रीय खेलों के इस महापर्व में भारत के विभिन्न प्रान्तों से आए लगभग 10 हजार से अधिक कुशल खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए काफी तैयारियां की गई हैं। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से उत्तराखंड में खेल संस्कृति का विकास होगा। प्रदेश में खेल अवस्थापनात्मक सुविधाओं का इस प्रकार विकास किया जा रहा कि राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से जनपद अल्मोड़ा के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं (हाई एल्टीट्यूट सेन्टर) के निर्माण और प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किए जाने हेतु एक-एक बहुद्देशीय स्पोर्ट्स हॉल की स्थापना के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्टस कॉलेज परिसर में स्थित आईस स्केटिंग रिंग के संचालन के लिए पूर्व में प्रेषित प्रस्ताव पर स्वीकृति के साथ ही राज्य सरकार द्वारा जनपद नई टिहरी स्थित शिवपुरी में संचालित साहसिक प्रशिक्षण केन्द्र के उच्चीकरण के लिए भी धनराशि की स्वीकृति दिए जाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से जिला चम्पावत में महिला स्पोर्टस कालेज की भूमि पर इण्डोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइबिंग वाल के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता का आग्रह किया।

अतः आपसे सादर अनुरोध है कि राज्य के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं हेतु उपरोक्त प्रस्तावों पर स्वीकृति निर्गत करने का कष्ट करें। आपकी इस सहृदयता से प्रदेश के खिलाड़ियों के मनोबल एवं उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान होगी।
केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में खेल अवस्थापनात्मक सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Tirth Chetna

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *