निकाय चुनावः पार्टी के निर्णय से नाराज कार्यकर्ता अलग राह पर

तीर्थ चेतना न्यूज
मुनिकीरेती। राजनीतिक दलों द्वारा निकायों में अध्यक्ष पद के लिए घोषित प्रत्याशियों के नामों को लेकर नाराज कार्यकर्ता अब अलग राह पर आगे बढ़ रहे हैं। कार्यकर्ताओं की नाराजगी का खामियाला पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को भुगतना पड़ेगा।
विभिन्न राजनीतिक दल निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर चुके हैं। दलों द्वारा विभिन्न निकायों में घोषित नामों को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष है। ऐसा किसी एक दल में नहीं है बल्कि विभिन्न दलों में ऐसा देखने को मिल रहा है।
कुछ दलों के कार्यकर्ता सोशल मीडिया में खुलकर नाराजगी व्यक्त कर अलग राह पर आगे बढ़ने का ऐलान कर चुके हैं। जबकि अनुशासन के चलते कुछ दलों के कार्यकर्ता चुप्पी साधे हुए हैं। हां, ऐसे दलों के कार्यकर्ता चुपचाप अलग राह पर निकल चुके हैं। आपस में कार्यकर्ता गलत लोगों को टिकट देने को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।
टिकट को लेकर कई जनप्रतिनिधि भी कार्यकर्ताओं के निशाने पर हैं। संगठन को लेकर भी तीखी टिप्पणियां देखने और सुनने को मिल रही हैं। इसका सीधा लाभ निर्दलीयों को मिलता दिख रहा है। हालांकि रूठे कार्यकर्ताओं को राजनीतिक दल अपने-अपने अंदाज में मनाने का प्रयास कर रहे हैं।