निकाय चुनावः इस बार बदले-बदले से दिख रहे मुनिकीरेती के राजनीतिक समीकरण

तीर्थ चेतना न्यूज
मुनिकीरेती/ढालवाल। मुनिकीरेती नगर निकाय के राजनीतिक समीकरण इस बार बदले-बदले दिख रहे हैं। जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने वाले नेताआंे को चुनाव में इसका लाभ मिलना तय है।
राज्य के अन्य नगर निकायों की तरह से मुनिकीरेती-ढालवाला नगर पालिका में भी चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। माना जा रहा है कि कभी भी निकाय चुनाव की तिथियों का ऐलान हो सकता है। बहरहाल, आरक्षण का खाका सामने आ चुका है। अध्यक्ष पद किसी भी प्रकार के आरक्षण से मुक्त है। लिहाजा राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं।
चैयरमैन के टिकट के लिए भाजपा में कई दावेदारों के नाम सामने आ चुके हैं। दावेदारों की अपने-अपने हिसाब से तैयारियों और चुनाव गुणा-भाग करने का क्रम भी शुरू हो गया है। कांग्रेस में भी अंदरखानी तैयारियां चल रही हैं। कई नेताओं ने दावेदारी भी कर दी है।
क्षेत्र के राजनीतिक मिजाज पर गौर करें तो इस बार समीकरण बदले-बदले दिख रहे हैं। लोग परंपरागत तौर तरीकों से उकताए हुए दिख रहे हैं। बातचीत में आम लोग इस बात को स्वीकार भी रहे हैं। लोगों के पास निकाय से लेकर संसद तक का पिछले 10 साल का अनुभव है। इस अनुभव का उपयोग लोग निकाय चुनाव में करने को तैयार हैं।
कुल मिलाकर जनता के बीच सक्रिय रहे नेताओं को चुनाव में लाभ मिलना तय है। चुनाव की तिथि तय होने के बाद माहौल को अपने पक्ष में करने के लिए नेता प्रयास भी करेंगे। समर्थकों ने ऐसा करना भी शुरू कर दिया है।