केदारनाथ उपचुनावः भाजपा का टिकट आशा या ऐश्वर्य

तीर्थ चेतना न्यूज
रूद्रप्रयाग। केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा के टिकट की दावेदारी अब आशा नौटियाल और ऐश्वर्य रावत के बीच सिमट गई है। दोनों में से किसे पार्टी चुनाव मैदान में उतारती है देखने वाली बात होगी।
केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा का टिकट के लिए छह नेताओं ने दावेदारी की है। बताया जा रहा है कि राज्य संगठन ने सभी के नाम हाईकामन को भेज दिए हैं। सभी नामों पर विभिन्न समीकरणों के आधार पर चर्च के बाद टिकट की दावेदारी भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल और पूर्व विधायक स्व. शैलारानी रावत की बेटी ऐश्वर्य रावत के बीच सिमट गई है।
इसकी सबसे बड़ी वजह है कि केदारनाथ सीट पर हुए पांच विधानसभा चुनावों में चार बार महिला प्रत्याशी चुनाव जीती हैं। इसमें दो बार आशा नौटियाल और दो बार स्व. शैला रानी रावत। भाजपा ने यहां पांचों बार महिला को टिकट दिया और तीन बार जीत हासिल की। स्व. शैला रानी रावत यहां से भाजपा और कांग्रेस दोनों से विधायक रही हैं।
इसके अलावा तमाम समीकरण को देखते हुए भी भाजपा दोनों में से किसी एक बार दांव खेल सकती है। इसको लेकर कई बातें भी सामने आ रही हैं। हालांकि अन्य चार दावेदार अपने दावों को कतई कमजोर मानने को तैयार नहीं हैं। हर कोई अपना टिकट पक्का मानकर चल रहा है। किसी के टोन में बगावत के स्वर भी महसूस होने लगे हैं।