निकायों के लिए भाजपा के संकल्प सिद्धि तक पहुंचेंगेः डा. भसीन

तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। नगर निकायों के लिए भाजपा के संकल्प पत्र के एक-एक संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए भाजपा के पास रोडमैप है।
ये कहना है वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डा. देवेंद्र भसीन का। डा. भसीन शुक्रवार को रेलवे रोड स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों के बूते निकाय चुनाव में भाजपा के बंपर जीत तय है।
लोगों का भाजपा पर भरोसा है। प्रत्येक निकाय के लिए पार्टी ने संकल्प पत्र जारी किया है। इस पत्र की एक-एक संकल्प को पूरा किया जाएगा। साथ ही निकायों की बेहतरी के लिए केंद्र और राज्य सरकार के स्तर से हुए कार्याें को उपलब्धि के तौर पर भाजपा मतदाताओं को बता रही है।
डा. भसीन ने कहा कि भाजपा और विपक्षी दलों में यही मूल अंतर है। भाजपा संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में भरोसा रखती है। इस पर काम करती है। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पूरा फोकस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने पर है। राज्य सरकार के कामकाज से जनता पूरी तरह से संतुष्ट है और राज्य में ट्रिपल इंजन की सरकार बनना तय है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में जहां कुछ नाराजगी थी पार्टी ने उसे दूर किया है। दावे के साथ कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की जीत के लिए जी जान से काम कर रहे हैं।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी ऋषिकेश की बेहतरी के लिए कंेद्र और राज्य सरकार के स्तर से तमाम योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। इसमें आधारभूत संरचना को बेहतर और मजबूत करना शामिल है।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संजीव वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी नीलम चमोली मौजूद रहे।