दिनेश चंद्र मास्टर जी निर्दलीय लड़ेंगे मेयर का चुनाव
कहा, वो नहीं कर सकते स्वाभिमान के साथ समझौता
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश के मेयर पद पर दिनेश चंद्र मास्टर जी निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उनके चुनाव मैदान में उतरने से मेयर पद पर त्रिकोणीय मुकाबला तय है।
भाजपा शंभू पासवान और कांग्रेस दीपक जाटव को चुनाव मैदान में उतार चुकी है। दोनों दलों और राजनीति के जानकार ये मानकर चल रहे थे कि मुकाबला आमने-सामने का होगा। मगर, ऐसा दिख नहीं रहा है।
कांग्रेस से टिकट के दावेदार रहे दिनेश चंद्र मास्टर जी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। दरअसल, दिनेश चंद्र मास्टर जी मेयर का चुनाव लड़े ये बड़ी वर्ग की इच्छा रही है। मेयर सीट एससी के लिए आरक्षित होते ही ऐसे संकेत मिलने लगे थे। कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद जनदबाव में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। कहा कि वो जनता के आशीर्वाद से आज नामांकन कराएंगे।
उन्होंने किसी दल पर टिप्पणी करने के बजाए कहा कि वो स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। अपनी बात लोगों के सम्मुख रखेंगे। ठेठ गढ़वाली में बोलते हुए कहा कि पंडित जी हम जणदा छां कि हमरू राज्य कनमा बणी। हमनु व्यवस्था कू उत्पीड़न झेली। यीं पीड़ा तै हम ही समझ सकदां।