ऋषिकेशः मेयर पद पर हुए नामांकनों की महफिल लूट ले गए निर्दलीय दिनेश चंद मास्टर जी
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। ऋषिकेश नगर निगम में मेयर पद पर हुए तमाम नामांकनों में निदेश चंद मास्टर जी का नामांकन कुछ खास रहा। उन्होंने नामांकन से पहले और बाद जनता के सम्मुख कुछ खास सवाल रख दिए। कहा जा सकता है कि नामांकनों की महफिल मास्टर जी लूट ले गए।
दरअसल, कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया तो दिनेश चंद मास्टर जी ने सोमवार को मेयर पद पर निर्दलीय ताल ठोक दी। रविवार को उनके ऐलान के बाद बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग उनके साथ जुड गए। सुबह होते-होते उनके साथ अच्छा खासा कारवां बन गया।
नामांकन से पहले और नामांकन के बाद उन्होंने राज्य से जुड़े चुभते सवाल लोगों की तरफ उछाल दिए। जिन सवालों से राष्ट्रीय राजनीतिक दल कतराते रहे हैं उन्हें मास्टर जी ने खुलकर बयां किया। राज्य आंदोलन की याद दिलाई। कहा कि मेरे जैसे तमाम लोगों राज्य निर्माण के लिए व्यवस्था का उत्पीड़न सहा।
बताएं आज पद पाने को राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के रथ पर सवार होकर आ रहे लोग राज्य आंदोलन में कहां थे। कहा कि उन्हें राज्य का दर्द है। उन्होने इसे भोगा है।
कुल मिलाकर राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के बीच दिख रही मेयर पद की लड़ाई अब कई कोणों में नजर आ सकती है। बहरहाल, शाम होते-होते विभिन्न सामाजिक संगठनों ने निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश चंद मास्टर जी को हाथों हाथ लिया।