भाजपा ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष के नाम की घोषणा होल्ड पर

तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। भाजपा ऋषिकेश नगर मंडल के अध्यक्ष के नाम का ऐलान लटक गया है। इसको लेकर भाजपा के भीतर जितने मंुंह उतनी बातें हो रही हैं। आयु सीमा में शिथिलता देने की बात भी सामने आ रही है।
इन दिनों प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया गतिमान है। पार्टी ने रविवार देर शाम अधिकांश मंडलों में अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। मगर, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष के नाम का ऐलान रोक दिया है।
आखिर ऐसा क्यों हुआ, इसको लेकर भाजपा के भीतर से ही जितने मंुह उतनी बातें हो रही हैं। कई छोटी-छोटी और बेहद महत्वपूर्ण बातें भी चर्चा में हैं।
कुछ मंडलों को लेकर कानाफूसी भी हो रही है। कहीं के तार कहीं जुड़ रहे हैं। बहरहाल, रविवार शाम तक मंडल अध्यक्ष पद पर दो नाम चर्चा में थे। देर रात तीसरा नाम भी जुड़ गया है। एक नाम पर आयु सीमा का पेंच बताया जा रहा है। इसके साथ ही आयु सीमा में शिथिलता देने की बात भी खूब चर्चा में है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस बात के सामने आते ही देवतुल्य कार्यकर्ताओं में परंपरागत नाराजगी भी दिख रही है। फिलहाल जिन कार्यकर्ताओं के नाम मंडल अध्यक्ष पद को लेकर सामने आ रहे हैं ,उन्हें बधाइयां भी मिल रही हैं। मीडिया ट्रायल भी हो रहा है। मीडिया ट्रायल से उक्त कार्यकर्ताओं में कुछ-कुछ होता है या फील गुड जैसा हो रहा है।