प्रेम से अतिप्रेम में घिर गई भाजपा

भाजपा की ओर शिफ्ट होने लगी लोगों की नाराजगी
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा उत्तराखंडियों के लिए विधानसभा में कहे गए अपशब्दों के बाद उनके खिलाफ बनी नाराजगी अब तेजी से भाजपा की ओर शिफ्ट होने लगी है। कहा जा सकता है कि प्रेम से अतिप्रेम में भाजपा का घिर गई है।
जी हां, पिछले 10 सालों की देश/ उत्तराखंड की राजनीतिक पर गौर करें तो भाजपा ने सत्ता में रहते हुए किसी भी मुददे पर अपनी गलती नहीं स्वीकारी। इन दिनों उत्तराखंड में भी ऐसा ही कुछ दिख रहा है। मामाला कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने विधानसभा में उत्तराखंडियों के लिए अपशब्द कहे जाने का है।
इस पर हो हल्ला हुआ तो उन्होंने खेद व्यक्त किया और भाजपा ने इसको लेकर लोगों की नाराजगी को दबाने, मामले को ठंडा करने के लिए खूब प्रयास किए। मगर, लोगों की नाराजगी कैबिनेट मंत्री अग्रवाल के खिलाफ कतई कम नहीं हुई। उल्टे इस नाराजगी की जद में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटट भी आए।
स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भी राज्य के लोगों की नाराजगी फेस कर रही है। उनके द्वारा और उनके समर्थन में दिए जा रहे तर्कों से लोगों की नाराजगी और बढ़ रही है। बहरहाल, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर राज्य सरकार और भाजपा के स्तर से अभी तक कोई भी एक्शन न लिए जाने से लोगों की नाराजगी चरम पर है।
नाराजगी में अब भाजपा का खास समर्थक वर्ग भी शामिल होने लगा है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर भाजपा कैबिनेट मंत्री के खिलाफ किसी प्रकार के एक्शन से क्यों हिचकिचा रहा है।
भाजपा नेताओं को भरोसा है कि लोग इस पूरे प्रकरण में थक जाएंगे या इसे भूल जाएंगे। मगर, ऐसा होता नहीं दिख रहा है। राज्य गठन के बाद ये पहला मौका है जब लोग सत्ताधारी दल को लेकर इस कदर नाराज हैं।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ शुरू हुई नाराजगी अब तेजी से भाजपा की ओर शिफ्ट होने लगी है। लोग भाजपा को कई पुराने मामलों को लेकर भी कोसने लगे हैं। मंत्रियों के पुराने-नए मामले भी ताजे किए जाने लगे हैं। कुल मिलकार प्रेम के प्रेम में भाजपा खुद ही घिर गई है।