दिलचस्प हुआ बदरीनाथ विधानसभा का उपचुनाव
भाजपा प्रत्याशी पर हमलावर हुई कांग्रेस
तीर्थ चेतना न्यूज
गोपेश्वर। बदरीनाथ विधानसभा का उपचुनाव दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस और भाजपा ने जीत के लिए जोर लगाए हुए हैं। कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी पर खास अंदाज में हमले शुरू कर दिए हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे राजेंद्र भंडारी उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी हैं। क्षेत्र के मतदाताओं के लिए ये नया अनुभव है। कांग्रेस ने उपचुनाव में लखपत बुटोला को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा इस सीट को जीतकर अपने स्कोर में बढ़ोत्तरी करना चाहती है। कांग्रेस इस सीट पर 2022 के विधानसभा चुनाव जैसा परिणाम चाहती है।
भाजपा ने एक बार फिर से मोर्चे पर देवतुल्य कार्यकर्ताओं को लगा दिया है। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी को हराने में नाकाम रहे भाजपा कार्यकर्ता अब उन्हें भाजपा से चुनाव जीताने के लिए जोर लगा रहे हैं। कार्यकर्ताओं के लिए भी ये नया अनुभव है।
भाजपा के तमाम दिग्गज नेता भी इस काम में जुटे हुए हैं और रिकॉर्ड वोट से जीतने का दावा भी कर रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी पर खास अंदाज में हमले करने शुरू कर दिया है। ये हमले जनता के बीच खूब देखे और सुने जा रहे हैं। जनता इस पर रिएक्ट भी कर रही है।
दरअसल, कांग्रेस में रहते और कांग्रेस के विधायक रहते हुए राजंेद्र भंडारी द्वारा भाजपा के बारे में दिए गए तमाम बयानों के वीडियो लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। तब भंडारी भाजपा को किन-किन मुददों पर घेरते थे। क्या कहते थे आदि आदि।
इसी प्रकार 2022 के चुनाव में और चुनाव परिणाम के बाद भाजपा राजेंद्र भंडारी के बारे में क्या-क्या विचार रखती थी। भाजपा के नेता उनके बारे में क्या-क्या बोलते थे। राज्य की भाजपा सरकार ने क्या-क्या एक्शन लिए थे। इन सब बातों को कांग्रेस के नेता लोगों के सम्मुख रख रहे हैं।
कांग्रेस के नेता इस बात को जनता के बीच प्रमुखता से रख रहे हैं कि राजेंद्र भंडारी ने अपने और परिवार के लिए क्षेत्र पर उपचुनाव थोपा। कांग्रेस के नेता भाजपा पर ये कहकर सवाल उठा रहे हैं कि भंडारी को भ्रष्ट बताने वाली पार्टी अब उनके लिए वोट मांग रही है।