नव वर्ष पर मुनिकीरेती और तपोवन में चला स्वच्छता अभियान
हैबिट में शामिल हो स्वच्छताः नितिका खंडेलवाल
तीर्थ चेतना न्यूज
मुनिकीरेती। नव वर्ष 2026 के प्रथम दिन टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने मुनिकीरेती तपोवन नगर की सफाई व्यवस्था की टोह ली। इस मौके पर आयोजित स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करते हुए उन्होंने अधिकारियों और आम जन से स्वच्छता को हैबिट बनाने का आहवान किया।
गुरुवार, नववर्ष के प्रथम दिन जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल द्वारा मुनि की रेती एवं तपोवन में थी। उन्होंने जिले की सीमावर्ती दोनों नगर की सफाई व्यवस्था की टोह ली। साथ्ज्ञ ही क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। स्वच्छता का संदेश दिया गया।
अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के निर्देशों के क्रम में पर्यटक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाए जाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। अभियान के तहत जिलाधिकारी द्वारा मुनि की रेती स्थित पूर्णानंद पार्किंग मैदान की नालियों में जमा कूड़े की स्वयं सफाई की गई। साथ ही शेष नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मुनि की रेती को दिए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक सप्ताह अभियान के अंतर्गत नियमित चेकिंग करने के भी निर्देश दिए। कहा कि सभी इस लक्ष्य के साथ कार्य करें कि मुनि की रेती स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त करे। उन्होंने होटल संचालकों एवं पर्यटकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
इसके पश्चात नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट द्वारा जिलाधिकारी का नगर पंचायत कार्यालय में स्वागत किया गया। इसके उपरांत बजरंग सेतु का निरीक्षण किया गया, जहाँ जिलाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सेतु पर एकत्रित कूड़े को साफ कर निस्तारित किया गया।
इस अवसर पर सीडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, तहसीलदार अयोध्या उनियाल, ईओ तपोवन अंजलि रावत सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

