न जाने की किस बात की सजा भुगत रहे मुनिकीरेती के लोग

न जाने की किस बात की सजा भुगत रहे मुनिकीरेती के लोग
Spread the love

दो माह से खोदा गया है मुख्य मार्ग

तीर्थ चेतना न्यूज

मुनिकीरेती। नगर पालिका मुनिकीरेती के राजीवग्राम-ढालवाला मार्ग का उपयोग करने वालों को न जाने किस बात की सजा दी जा रही है। करीब दो माह पूर्व खोदे गए इस मुख्य मार्ग को अभी तक बनने की कोई सूरत नजर नहीं आ रही है।

नगर पालिका मुनिकीरेती और लोक निर्माण विभाग को सालों से खराब पड़े राजीवग्राम-ढालवाला मार्ग को बनाने की याद मानसून की दस्तक के साथ आई। करीब दो माह पूर्व इसके लिए मार्ग को खोदा गया। खोदने के बाद नगर पालिका ने ड्रेनेज से संबंधित काम करने की कही।

नगर पालिका का दावा है कि ड्रेनेज का काम पूरा कर लिया गया है। अब लोक निर्माण विभाग को मार्ग का निर्माण करना है। मगर, अभी तक मार्ग के निर्माण की सूरत दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है। परिणाम आम लोग परेशान हैं। इस मार्ग से लगे क्षेत्र में रह रहे लोग बमुश्किल घरों तक पहुंच रहे हैं।

हैरान करने वाली बात ये है कि सरकार लोगों के घरो तक पहुंचने का दावा कर रही है। मगर, कई महीनों से बंद मार्ग किसी को नहीं दिख रहा है। इस मार्ग का उपयोग करने वाले छोटे-बड़े नेता दूसरे मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। कोई इस मार्ग की सुध लेने को तैयार नहीं हैं।

आम लोगों का कहना है कि मार्ग को बंद कर उन्हें न जाने की किस बात की सजा दी जा रही है। हां, लोग समझ भी रहे हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है और क्यों किया जा रहा है।

लोनिवि के अधिशासी अभियंता आशुतोष का कहना है कि उक्त सीसी मार्ग को जल्द बनाया जाएगा। वो संबंधित अधिकारियों से इस बारे में जानकारी लेंगे।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *