नगर पालिका मुनिकीरेतीः सड़क खोदने में दिखी तत्परता, बनाने में गायब
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। नगर पालिका मुनिकीरेती के प्रमुख मार्गों में शामिल राजीवग्राम-ढालवाला सड़क को खोदने में दिखाई गई तत्परता अब इसे बनाने के मामले में पूरी तरह से गायब है।
विभिन्न वजहों से उक्त सड़क तीन साल से क्षतिग्रस्त थी। नगर पालिका / लोक निर्माण विभाग को इसकी मरम्मत की याद मानसून की दस्तक के साथ आई। पालिका / लोक निर्माण विभाग ने सड़क को बनाने के लिए खुदाई शुरू की। जितनी गति से सड़क को खोदा गया लोगों को लगा था कि इसी तत्परता से सड़क का नवनिर्माण भी हो जाएगा। मगर, ऐसा नहीं हुआ।
सड़क को बनाने में खोदने जैसी तत्परता दूर-दूर तक नहीं दिख रही है। करीब दो माह से सड़क पूरी तरह से बंद है। बरसात में खोदी गई सड़क किस तरह से लोगों के लिए परेशानी पैदा कर रही होगी समझा जा सकता है। सड़क कब तक बनेगी ये कहना मुश्किल है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों ने अब मुंह खोलना भी बंद कर दिया है। परिणाम जिम्मेदार लोगों को लग रहा है कि क्षेत्र में ऑल इज वेल है। लोगांे को वर्षों से क्षतिग्रस्त सड़क पसंद आ रही हैं।
इस संबंध में नगर पालिका के ईओ तनवीर मारवाह से संपर्क करने का प्रयास किया गया। मगर, फोन नहीं उठा। नगर पालिका का इस संबंध में पक्ष मिलेगा तो प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
इसमें कुछ इश्यू सामने आए। कुछ लोगों की शिकायतें भी थी। अब सब ठीक कर लिया गया है। हमारा इस रोड में ड्रेनेज का काम है। इसे पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य लोनिवि का करना है। इस बारे में लोनिवि के अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।
तनवीर मारवाह, ईओ


