फुटहिल्स एकेडेमी में मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस पर कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। सीबीएसई द्वारा कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस पर कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाना और उन्हें भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना था।
गुरूवार को आयोजित कार्यक्रम में आनंदमई मेमोरियाल स्कूल की प्रिंसिपल मानसी सिंघल और एनडीएस की प्रिंसिपल ललिता कृष्णास्वामी ने बतौर मुख्य संदर्भदाता के रूप में प्रतिभाग किया। संदर्भदाता द्वैय ने शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि आज के समय में छात्रों के मानसिक संतुलन और भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना बहुत आवश्यक है।
बताया कि पढ़ाई का बढ़ता दबाव, प्रतियोगिता और बदलती जीवनशैली के कारण कई बार छात्र तनाव और चिंता का अनुभव करते हैं। ऐसे में शिक्षकों और अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे छात्रों को सही मार्गदर्शन दें और उनके लिए सहयोगी वातावरण तैयार करें।
कार्यक्रम के दौरान योग, ध्यान सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और तनाव प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों के बारे में भी चर्चा की गई। शिक्षकों को यह भी बताया गया कि वे कक्षा में ऐसा माहौल बनाएं जहाँ छात्र अपनी भावनाएँ खुलकर व्यक्त कर सकें और आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त कर सकें।
विभिन्न गतिविधियों, चर्चाओं और उदाहरणों के माध्यम से यह समझाया कि मानसिक रूप से स्वस्थ छात्र ही बेहतर तरीके से सीख सकते हैं और अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
फुटहिल्स एकेडेमी प्रधानाचार्या श्रीमति अनीता रतूड़ी जी ने कहा इस प्रकार के कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम शिक्षकों के कौशल को मजबूत करते हैं और छात्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
