देहरादून। पुलवामा में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए मेजर विभूति ढौंडियाल को अंतिम विदाई देने जन सैलाब उमड़ पड़ा। उनकी पत्नी निकिता ने जयहिंद के साथ उनको अंतिम सैल्यूट किया।
मंगलवार को मेजर ढौंडियाल का पार्थिव शरीर उनके डंगवाल मार्ग स्थित आवास पर लाया गया। यहां उनकी पत्नी निकिता समेत अन्य परिजनों के क्रंदन से माहौल बेहद भावुक हो गए। मौके पर मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गई थी।
पत्नी निकिता ने एक वीरांगना की तरह जयहिंद के साथ पार्थिव शरीर को सैल्यूट किया। विभूति को उनके इस अंतिम सैल्यूल को देख मौके पर माहौल बेहद भावुक हो गया। शहीद को अंतिम विदाई देने जनसैलाब उमड़ पड़ा।
जो जहां पर था वहीं से उसने डंगवाल मार्ग की ओर रूख किया। इस दौरान लोग पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। इस मौके प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षे़त्रों से जुड़े लोग मौजूद थे।
इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर हरिद्वार लिए रवाना हुआ। डोईवाला, छिददरवाला आदि क्षेत्रों में मेजर ढौंडियाल के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए लोग उमड़े।